सोनीपत। कोरोना के कारण तीन दिन पहले जान गंवाने वाले दिल्ली पुलिस के सिपाही की पत्नी और तीन वर्षीय बच्चे समेत चार कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सिपाही की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने दोनों के सैंपल जांच को भेजे थे, जिनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। वहीं गन्नौर का आढ़ती व सब्जी विक्रेता भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन सभी को खानपुर कलां मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इन चार कोरोना पॉजिटिव के परिजनों व संपर्क में आने वालों को आइसोलेट किया गया है। इसके अलावा डीसी ने कोरोना पॉजिटिव मिलने वालों के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित करके सील करा दिया है।
हुल्लाहेड़ी का रहने वाला दिल्ली पुलिस का सिपाही अपने परिवार के साथ मिशन रोड पर रहता था। दिल्ली पुलिस के सिपाही की तीन दिन पहले कोरोना के कारण मौत हो गई थी। उस समय उसकी पत्नी अपने बच्चे के साथ जवाहर नगर मायके में गई हुई थी। जहां से उसकी पत्नी व तीन वर्षीय बच्चे को आइसोलेट करके उनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया। डीसी डॉ. अंशज सिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम को सिपाही की पत्नी व बेटे की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है। उन दोनों को खानपुर कलां मेडिकल कालेज में भेज दिया गया है। वहीं प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने आजादपुर मंडी से जुड़े सभी किसानों व आढ़तियों के अलावा सब्जी बेचने वालों की जांच के लिए सैंपल लिए थे। जिनमें से अशोक नगर गन्नौर के 63 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली जो गन्नौर मंडी में फल विक्रेता है। गन्नौर के शास्त्री नगर का 53 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव मिला है और यह भी गन्नौर मंडी में फल विक्रेता है। इन दोनों को आजादपुर मंडी के कारण संक्रमित होने की बात कही जा रही है। वहीं इन सभी के परिजनों व संपर्क में आने वाले 20 से ज्यादा को क्वारंटीन किया गया है, जिससे उनकी जांच कराई जा सके।
जिले में 88 कोरोना पॉजिटिव, 9 मरीज ठीक होकर घर लौटे
डीसी डॉ. अंशज सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस के जिले में 88 पॉजिटिव मामले हो गए हैं। लेकिन यहां ठीक होकर घर लौटने वाले भी मरीज भी बढ़ने लगे है। डीसी के अनुसार जिले के 9 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं और अन्य भी कई की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। वह भी जल्द ही ठीक होकर घर लौटने की उम्मीद है।
कोरोना पॉजिटिव मिलने पर कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील कराए
डीसी डॉ. अंशज सिंह ने कहा कि जिन जगहों पर कोरोना पॉजिटिव मामले मिले है, उनको कंटेनमेंट जोन जोन घोषित करके सील कराया गया है। उनके अनुसार टीडीआई कुंडली, रेवली गांव, राजलू गढ़ी, ज्ञान नगर को कंटेनमेंट जोन घोषित करके सील करा दिया गया है। इसके अलावा दिल्ली पुलिस के सिपाही की पत्नी व बच्चे कोरोना पॉजिटिव मिलने वाली जगह जवाहर नगर के साथ ही गन्नौर में शास्त्री नगर व अशोक नगर को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। उनको भी सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन सभी कंटेनमेंट जोन के बफर जोन भी बनाए गए है।
9 मई को गन्नौर सब्जी मंडी रहेगी बंद
मार्केट कमेटी गन्नौर के सचिव राजेंद्र सिंह ने कहा कि 9 मई को गन्नौर की सब्जी मंडी को बंद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मंडी के दो फल-सब्जी विक्रेता कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हैं। इसलिए मंडी को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस दौरान मंडी को सैनिटाइज कराया जाएगा। मंडी में फल-सब्जियों की किसी भी प्रकार की बिक्री व खरीदारी नहीं होगी।