सोनीपत। जिले में कोरोना के मरीज लगातार मिल रहे हैं। रविवार को 17 नए कोरोना पॉजिटिव मिले, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों से ज्यादा हैं। इनमें से अधिकतर कोरोना मरीजों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। इसके साथ ही प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के लिए राहत की सबसे बड़ी बात यह है कि एक ही दिन में सबसे ज्यादा 110 मरीज ठीक हुए हैं जो एक दिन पहले शनिवार को ठीक हुए 107 मरीजों से ज्यादा है। जिले में जहां कोरोना पॉजिटिव की संख्या 1554 पहुंच गई है, वहीं 1107 मरीज ठीक होकर अपने घर पहुंच चुके हैं। यहां 427 मरीजों का उपचार चल रहा है और उनमें से काफी के जल्द ही रिकवर करने की बात कही जा रही है।
शहरी क्षेत्र में यहां मिले कोरोना पॉजिटिव
डीसी श्यामलाल पूनिया ने बताया कि गढ़ी घसीटा में मां-बेटे कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिनमें 53 वर्षीय महिला व उनका 25 वर्षीय बेटा शामिल है। गढ़ी घसीटा में ही 10 वर्षीय बालिका भी कोरोना संक्रमित मिली है। सोनीपत के डबल स्टोरी क्षेत्र में एक परिवार के दो सदस्य कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जिनमें 28 वर्षीय युवती व 27 वर्षीय युवक शामिल है। जिला कारागार में 37 वर्षीय युवक, जीवन नगर में बाबा स्टोर के निकट रहने वाली 45 वर्षीय महिला, सेक्टर-13 में 21 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में यहां मिले कोरोना पॉजिटिव
डीसी श्यामलाल पूनिया ने बताया कि खरखौदा में वार्ड-5 के पक्का बाग क्षेत्र में 90 वर्षीय वयोवृद्ध महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है, जिनका 58 वर्षीय बेटा भी संक्रमित मिला है। पक्का बाग क्षेत्र में ही 28 वर्षीय युवक, 21 वर्षीय युवक समेत एक अन्य व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनके साथ ही राजकीय विद्यालय के पास गढ़ मिरकपुर में 26 वर्षीय महिला, रोहट में 48 वर्षीय व्यक्ति, फिरोजपुर बांगर में बैंक के निकट रहने वाला 25 वर्षीय युवक, 29 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है।