सोनीपत। जिले में कोरोना का संक्रमण दिनोंदिन बढ़ रहा है। पुलिस थाना से लेकर अस्पताल के कर्मी भी कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। गोहाना के सदर थाने का रसोईया कोरोना संक्रमित हो गया है। लगातार पांच दिन से कोरोना के 100 से ज्यादा नए संक्रमित मिल रहे हैं। जिले में रविवार को मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पताल में एक-एक स्वास्थ्यकर्मी समेत कोरोना के 146 नए संक्रमित मिले हैं। कोरोना संक्रमितों की संख्या 48 हजार 329 हो गई है। अब जिले में सक्रिय केस बढ़कर 732 हो गए हैं। इसके साथ ही 33 मरीज ठीक हुए हैं। जिले में अब तक 47 हजार 342 मरीज ठीक हो चुके हैं।
सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने बताया कि गोहाना के सदर थाने में तैनात 41 वर्षीय रसोईया कोरोना संक्रमित मिला। इसके साथ मेडिकल कॉलेज में 25 वर्षीय महिला कर्मी व सोनीपत निजी अस्पताल के 35 वर्षीय कर्मी, टीडीआई में छह साल का बच्चा, सेक्टर-15 में दो दंपती, गोहाना शहर में 14 व्यक्ति, बीएसटी रोड पर 43 वर्षीय महिला व उसका 12 वर्षीय पुत्र कोरोना संक्रमित मिले हैं।
रविवार को 1501 लोगों के सैंपल लिए
जिले में रविवार को 1501 लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए। इसमें 1279 आरटी पीसीआर और 222 रेपिड एंटीजन टेस्ट शामिल रहे। रेपिड एंटीजन टेस्ट की सभी रिपोर्ट रविवार को ही प्राप्त हो गई थी। इसमें से 2 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं आरटी पीसीआर की पुरानी 1661 रिपोर्ट भी प्राप्त हुई। इसमें से 144 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई हैं। आरटीपीसीआर की रिपोर्ट आने के बाद चार लोगों को अस्पताल में भर्ती किया और 140 लोगों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। रेपिड एंटीजन टेस्ट संक्रमण दर 0.9 प्रतिशत रही। आरटी पीसीआर की संक्रमण दर 8.67 प्रतिशत रही।
सक्रिय केस की संख्या 732 तक पहुंची
जिला में 33 मरीजों के ठीक होने के बाद सक्रिय केसों की संख्या 732 हो गई है। अब तक कोरोना के 48 हजार 329 मरीज मिल चुके हैं, जिसमें से 47 हजार 342 मरीज ठीक हो चुुके हैं और कोरोना के कारण 255 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार मिल रहे कोरोना के मरीजों को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने की अपील की है। साथ ही कहा कि अगर किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, जुकाम है तो वह स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर कोरोना टेस्ट जरूर कराएं।