सोनीपत। सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सरकार प्रदेश में ग्रामीण खेलों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण अंचल की पहचान सर्कल कबड्डी को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम से बात की जाएगी।
गांव सलीमसर माजरा में रविवार शाम सर्कल खेल कबड्डी महाकुंभ में मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचे सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा ने हमेशा अपनी संस्कृति, लोक कला और खेलों का सम्मान करते हुए उन्हें निरंतर बढ़ावा दिया है।
डेढ़ करोड़ के विकास कार्यों का किया उद्घाटन-शिलान्यास
मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने डेढ़ करोड़ रुपये के चार विकास कार्यों का उद्घाटन व तीन परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने संदीप के घर से श्मशान घाट तक 23 लाख रुपये से बनी फिरनी, 13 लाख रुपये से एससी चौपाल के जीर्णोद्धार, पीडब्ल्यूडी रोड से श्मशान घाट 9 लाख रुपये से बनी गली व 7.80 लाख रुपये से तैयार सामान्य चौपाल के जीर्णोद्धार का उद्घाटन किया। उन्होंने 55 लाख रुपये से बनने वाले चिकित्सा केंद्र, 18.66 लाख रुपये से बनने वाली बीसी चौपाल व 15.10 लाख रुपये से बनने वाली एससी चौपाल का शिलान्यास किया।