पुलिस ने शराब की सप्लाई करने वाले ठेकेदार सतपाल को गिरफ्तार किया था। उसके शराब ठेके से 540 बोतलें बरामद की गई थीं। सतपाल ने पुलिस को बताया था कि शराब को आठ युवकों से क्षेत्र में सप्लाई कराता था। इस मामले में पुलिस ने मयूर विहार में शराब की सप्लाई करने वाले युवक अमित को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मयूर विहार में जहरीली शराब के सेवन से कई लोगों की मौतें हो चुकी हैं। इस मामले में पुलिस ने अमित से बारीकी से पूछताछ कर रही है।
अवैध शराब की सप्लाई करते पकड़ा
राई थाना पुलिस ने अवैध शराब सप्लाई करने के आरोप में यूपी के जिला गोंडा के जगमोहन को काबू किया है। वह राई औद्योगिक क्षेत्र में रहता है। आरोपी को राई औद्योगिक क्षेत्र में गोल चक्र से 52 पव्वों सहित पकड़ा है।
परचून की दुकान में फ्रिज के पीछे छिपाकर बेच रहा था शराब, काबू
गांव गढ़ सहजानपुर में पुलिस ने परचून की दुकान के अंदर फ्रिज के पीछे छिपाकर अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बेच रहे युवक को काबू किया है। गिरफ्तार आरोपी ने अपनी पहचान गांव गढ़ सहजानपुर के मनोज उर्फ धोला के रूप में दी। एएसआई जयभगवान की टीम ने दुकान के अंदर फ्रिज के पीछे छिपाई गईं अंग्रेजी शराब की 14 बोतलें बरामद की है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
स्कूटी पर रखकर बेच रहा था शराब, पुलिस को देखकर स्कूटी छोड़ भागा
गांव भैरा बांकीपुर की फिरनी पर स्कूटी पर रखकर अवैध शराब बेचने का भंडाफोड़ हुआ है। एचसी बिजेंद्र ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ गांव भैरा बांकीपुर में गश्त करने गए थे। उन्होंने एक युवक को फिरनी में स्कूटी पर तीन बैग रखे हुए देखा। पुलिस टीम को देखकर युवक स्कूटी व बैग छोड़कर भाग गया। पुलिस ने तलाशी ली तो दो बैग में देसी शराब के 260 पव्वे व तीसरे बैग में अंग्रेजी शराब के 28 पव्वे बरामद हुए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।