गन्नौर। गांव घसौली में शराब ठेके के पास युवकों ने कारिंदे पर हमला कर कर दिया। हमलावर ठेका कारिंदे से मुफ्त में शराब की बोतल मांग रहे थे। मना करने पर युवकों ने उस पर हमला कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। घायल ने मामले की शिकायत बड़ी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने सात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुरखास गांव निवासी मंजीत ने बताया कि वह घसौली में शराब ठेके पर नौकरी करते हैं। 8 मार्च को घसौली गांव के अजय ने शराब की बोतल पर राशि कम करवाने के लिए उन्हें कॉल किया था, जिसे उन्होंने सेल्समैन को कहकर करवा दिए थे। उसके बाद रात को गांव के प्रशांत त्यागी और प्रवीन ने कॉल पर मुफ्त में शराब की मांग की, जिसे मना करने पर वह गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद जब वह ठेके पर जा रहे थे तो ठेके के पास बाइकों पर आए 15-20 युवकों ने उन पर हथियारों से हमला कर दिया। शुभम ने फरसे से कंधे पर वार किया, जबकि प्रशांत ने सिर, कमर और हाथ पर चोट मारी। अजय, प्रवीन, संदीप, हिमांशु, विक्रांत समेत अन्य ने उसे पकड़कर लात-घूंसों से मारा और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
बड़ी थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह ने बताया कि मंजीत की शिकायत पर पुलिस ने घसौली गांव के शुभम, प्रशांत, अजय, प्रवीन, संदीप, हिमांशु व विक्रांत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।