फोटो-54: देवीलाल पार्क में नारेबाजी करते सीवर मैन। संवाद
बहादुरगढ़। जनस्वास्थ्य विभाग के ठेके के अधीन काम कर रहे सीवर मैन अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के कारण शहर की सीवर व्यवस्था प्रभावित होने लगी है और विभिन्न इलाकों में समस्याओं का अंबार लग गया है। सीवर मैन का कहना है कि वे ठेकेदार के अधीन काम करते हैं लेकिन उन्हें एक समान वेतन नहीं मिल रहा है और ईएसआई व पीएफ की सुविधा भी नियमित रूप से नहीं मिल रही है।
सीवर मैन हिमांशु, मनोज, शिवम, ऋषि, कृष्ण, धर्मेंद्र, संदीप, बबलू, सुनील और सन्नी आदि ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर ठेकेदार और कनिष्ठ अभियंता से कई बार बातचीत की जा चुकी है। उन्हें आश्वासन भी मिला लेकिन मांगों पर अमल नहीं होने के कारण उन्हें काम रोकने का निर्णय लेना पड़ा। कर्मचारियों ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर भी मांगों का जल्द समाधान कराने की अपील की है।
सीवर मैन की प्रमुख मांगों में सभी कर्मचारियों का एक समान वेतन करना, ईएसआई और पीएफ काटने के बाद 18 हजार रुपये वेतन देना, वेतन सीधे बैंक खाते में डालना, महीने में कम से कम चार छुट्टियां देना तथा सभी कर्मचारियों को पहचान पत्र जारी करना शामिल है।
कर्मचारियों का कहना है कि इन मांगों को लेकर कई बार सहमति बनने के बावजूद उन्हें संबंधित सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। हड़ताल के चलते सीवर सफाई और अवरोध दूर करने का काम प्रभावित होने से शहर के लोगों की परेशानी बढ़ रही है। कर्मचारियों ने विभाग से मांगों पर जल्द निर्णय लेकर हड़ताल समाप्त कराने की मांग की है।
वहीं जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ नितिन ने बताया कि कोई भी कर्मचारी हड़ताल पर नहीं है। वे अपना काम कर रहे हैं।
फोटो-54: