सोनीपत। ठेका प्रथा समाप्त कर पे-रोल पर रखने की मांग को लेकर वीरवार को संविदा सफाई कर्मचारी हड़ताल पर रहे। संविदा सफाईकर्मियों ने नगर निगम कार्यालय के गेट पर धरना दिया और नारेबाजी की। इसके चलते कार्यालय में सामान्य कामकाज प्रभावित रहा। आने-जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
संविदा सफाईकर्मचारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि ठेकेदार उन्हें बेवजह परेशान कर रहे हैं। उनकी हाजिरी भी नहीं लगाई जा रही है। ऐसे में ठेका प्रथा खत्म कर उन्हें नगर निगम के पे-रोल पर रखा जाए।
यूनियन के प्रधान मुकेश टांक, प्रवीन व अन्य नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार और निगम के अधिकारी बार-बार आश्वासन देते हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। वह मुख्यमंत्री आवास तक पैदल मार्च कर चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान आज तक नहीं हुआ।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार व नगर निगम प्रशासन ने उनकी मांगें नहीं मानीं तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। हड़ताल के चलते शहर के कई इलाकों में सफाई कार्य बाधित हो गया, जिससे लोगों को गंदगी और बदबू की परेशानी झेलनी पड़ी।
संविदा सफाई कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वह पीछे हटने वाले नहीं हैं। यूनियन नेताओं का कहना है कि संविदा सफाईकर्मियों को न्यूनतम वेतन, नौकरी की स्थिरता और सामाजिक सुरक्षा तक नहीं मिलती। यही कारण है कि वह लगातार पे-रोल पर लिए जाने की मांग कर रहे हैं।