फोटो 01: सोनीपत के खरखौदा में दिल्ली मार्ग पर सब्जी मंडी के बाहर टूटे हुए पाइप से निकलता पानी।
खरखौदा। सब्जी मंडी में भरने वाले पानी की निकासी के लिए वर्षों पहले डाले गए लोहे के पाइप जर्जर हो चुके हैं। मार्केट कमेटी इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। पाइप बीच से टूट चुका है। इससे सब्जी मंडी से निकासी के लिए छोड़ा गया पानी दिल्ली मार्ग पर बह रहा है।
इन दिनों मंडी में भरे पानी को निकालने के लिए पंप लगाया गया है। यह पानी बीच सड़क पर ही फैल रहा है। इसका कारण पाइप का टूटना है। पानी सड़क पर आने से राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
सड़क पर पानी भरने से फिसलन हो रही है। दुर्गंध और गंदगी के कारण लोगों का वहां से गुजरना मुश्किल हो रहा है। दुकानदारों ने कई बार मार्केट कमेटी से पाइप की मरम्मत करने की मांग की है मगर सुनवाई नहीं हो रही है। लोगों ने मांग की कि मार्केट कमेटी समस्या का जल्द स्थायी समाधान करे।