फोटो 24: सोनीपत के कुंडली के पास ड्रेन ओवरफ्लो होने के कारण रिहायशी क्षेत्र में पहुंचा दूषित पा
सोनीपत। कुंडली क्षेत्र से गुजर रही ड्रेन-8 में शुक्रवार को जलस्तर अचानक काफी बढ़ गया। ड्रेन-8 के लबालब भरने के कारण इससे जुड़ी ड्रेन-6 भी ओवरफ्लो हो गई। ड्रेन के ओवरफ्लो होने पर कुंडली की गलियों में पानी भर गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हालात इतने बिगड़ गए कि हैं कि कई जगह घरों के बाहर और खेतों में भी पानी भर गया है। ऐसे में बीमारी फैलने की आशंका है। लोगों ने नपा प्रशासन से जल्द निकासी की मांग की है। गंभीर स्थिति को देखते हुए कुंडली नगर पालिका की चेयरपर्सन शिमला देवी खुद अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने इंजीनियरिंग अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव की समस्या को तुरंत नियंत्रित किया जाए। किसी भी घर में पानी न घुसे। इसके लिए पुख्ता तैयारी की जाए। अधिकारियों ने आशंका जताई कि अगर बारिश जारी रही तो जलस्तर और भी बढ़ सकता है। इस कारण पालिका प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
चेयरपर्सन शिमला देवी ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और ड्रेनों की निगरानी लगातार की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों को हरसंभव राहत दी जाएगी और किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो गलियों और घरों में पानी घुस सकता है, जिससे स्थिति और बिगड़ जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि ड्रेन-6 व 8 की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पंपिंग सेट भी लगाए जाएंगे।