फोटो 07: सोनीपत के केएमपी एक्सप्रेस-वे पर हुए सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्राला। संवाद
खरखौदा। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में कंटेनर चालक की जान चली गई। हादसा आगे चल रहे कंटेनर चालक के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ। जिससे कंटेनर अगले कंटेनर से जा टकराया और हादसा हो गया।
राजस्थान के जिला केकड़ी के गांव मेवदा निवासी हरिशंकर ने खरखौदा थाना पुलिस को बताया कि उनके भांजे केकड़ी के ही गांव माली मोहला सापला बिला निवासी कालूराम कंटेनर पर चालक थे। कालूराम मंगलवार को कंटेनर लेकर कुंडली से गुरुग्राम की तरफ जा रहे थे। वह जब पिपली टोल प्लाजा से करीब चार किलोमीटर आगे पहुंचे तो उनके आगे चल रहे कंटेनर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे कालू राम का कंटेनर आगे वाले कंटेनर में जा टकराया। हादसे में कंटेनर का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और चालक कालू राम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें राहगीरों ने केबिन से निकाला और खरखौदा के उपमंडल नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामा के बयान पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।