गन्नौर। जीटी रोड स्थित फ्लाईओवर पर कंटेनर और ट्रक के बीच हुई टक्कर से जाम लग गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद थाना गन्नौर की पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कंटेनर को क्रेन की मदद से हटवाकर यातायात को सामान्य किया। हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
मंगलवार दोपहर दो बजे पानीपत से दिल्ली जा रहा कंटेनर शहर के पास फ्लाईओवर पर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर लगने से कंटेनर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया जबकि आगे चल रहे ट्रक का चालक गाड़ी लेकर भाग गया।
विज्ञापन
टक्कर के बाद कंटेनर फ्लाईओवर पर ही फंस गया। इससे फ्लाईओवर पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गयी। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही गन्नौर व यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सर्विस रोड से निकलवाना शुरू किया।
इसके बाद क्रेन मंगवाकर कंटेनर को सड़क से हटाया गया। कंटेनर हटाने और यातायात व्यवस्था बहाल करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शाम 6 बजे कंटेनर को हटाकर यातायात पूरी तरह सामान्य कर दिया गया।