फोटो 07- सोनीपत के खस्ताहाल चटिया औलिया रोड पर निर्माण कार्य करते मजदूर। संवाद
- फोटो : लोगों को समझाते थाना प्रभारी
सोनीपत। लोक निर्माण विभाग ने खस्ताहाल सोनीपत-चटिया औलिया रोड का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। खस्ताहाल सड़क का निर्माण होने से वाहन चालकों सहित नौ गांवों के लोगों की डगर सुगम होगी। खस्ताहाल रोड के कारण लोग चार माह से परेशानी झेल रहे थे। टेंडर प्रकिया पूरी होने व अलॉटमेंट मिलने के बाद ग्रैप-4 के नियमों के लागू होने व सर्द मौसम के चलते सड़क का निर्माण रुक गया था। अधिकारियों का कहना है कि एक सप्ताह में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
अमर उजाला ने 27 फरवरी के संस्करण में खस्ताहाल सोनीपत-चटिया औलिया रोड के निर्माण का मुद्दा उठाया था। विभाग की ओर से करीब 9 किलोमीटर खस्ताहाल सोनीपत से चटिया औलिया रोड का निर्माण करीब 2.37 करोड़ रुपये की लागत से करवाया जाएगा। लेबर के अभाव के चलते 10 दिन से सड़क निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा था। मंगलवार को बिहार से लेबर आने के बाद विभाग ने सड़क निर्माण का श्रीगणेश करवाया। लंबे समय से टूटकर बिखरी सड़क के कारण वाहन चालकों को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही थी। मार्ग पर काफी समय से बड़े-बड़े गड्ढे वाहन चालकों व राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बने हुए थे। गड्ढों के कारण दुर्घटना होने का अंदेशा भी बना रहता था।
12 हजार लोगों का है आवागमन
चटिया औलिया रोड से दिनभर में करीब 12 हजार लोगों का आवागमन है। सोनीपत-चटिया औलिया रोड पर वाहन चालकों के अलावा करीब 9 गांवाें के ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा था। मार्ग में पड़ने वाले गांवों में जटवाड़ा, पुरखास, जाहरी, ठरू उल्देपुर, शहजादपुर, सांदल खुर्द, सांदल कलां, सांदल निवादा, थरिया व गांव चटिया औलिया शामिल हैं। लोग कई बार अधिकारियों को शिकायत देकर सड़क निर्माण की मांग उठा चुके थे।
-
लोक निर्माण विभाग ने सोनीपत-चटिया औलिया रोड का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। पहले ग्रैप-4 लागू होने व सर्द मौसम के चलते सड़क का निर्माण शुरू नहीं करवाया जा सका। काम को जल्द पूरा करवा दिया जाएगा।
-पंकज गौड़, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग