सोनीपत। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को काले झंडे दिखाने वाले कांग्रेस वाले नौ कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का कांग्रेस ने विरोध किया है। कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान ने भाजपा सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं और जनता के सवालों का जवाब देने की बजाय पुलिस के माध्यम से उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
कमल दिवान ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना, छात्र हितों की मांग उठाना और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।
उन्होंने बताया कि गुरुग्राम में शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर और ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन का उद्देश्य गुरुग्राम विश्वविद्यालय के छात्रों की समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखना था। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के छात्र लंबे समय से प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम में देरी, बसों की कमी, परिसर में बुनियादी सुविधाओं कमी से जूझ रहा है।
कमल दिवान ने कहा कि गिरफ्तार किए गए नीरज यादव, शिव, निखिल, अनुज, हरकेश, अमन, राजीव यादव, हरेंद्र और सचिन के परिवारों को अब तक एफआईआर की प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की भी मांग की। चेतावनी दी कि यदि युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास जारी रहा तो कांग्रेस बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।