माई सिटी रिपोर्ट
सोनीपत। विधायक निखिल मदान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत केंद्रीय बजट देश को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने की दिशा में एक मजबूत, दूरदर्शी और निर्णायक कदम है। यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं का रोडमैप है।
विधायक निखिल मदान ने शनिवार को सेक्टर-14 स्थित अपने कार्यालय में केंद्रीय बजट को लेकर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बजट में स्टार्टअप, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) और नए उद्यमियों को विशेष प्रोत्साहन से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। फसलों पर मिलने वाले एमएसपी को भी लगभग दोगुना बढ़ाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि बजट में सोनीपत से करनाल तक प्रस्तावित रैपिड रेल कॉरिडोर, राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, खिलाड़ियों के लिए विशेष योजनाएं तथा इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की परियोजनाएं हरियाणा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सोनीपत अशोक भारद्वाज, वरिष्ठ भाजपा नेता आजाद नेहरा, प्रदेश प्रवक्ता भूपेन्द्र सिंह गहलावत, मार्केट कमेटी वाइस चेयरमैन संजय वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री, कुलदीप वत्स मौजूद रहे।
हरियाणा में पेश होने वाला बजट जिला के लिए विशेष
विधायक ने कहा कि आगामी बजट के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें सरकार के समक्ष रखी गई है। इनमें कुंडली बॉर्डर से करनाल तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रॉमा सेंटर की स्थापना, गोहाना रोड मिशन चौक आरओबी के विस्तार व सुचारू यातायात व्यवस्था, सुभाष स्टेडियम के आधुनिकीकरण एवं इंडोर स्टेडियम निर्माण तथा पुराने शहर क्षेत्र में लंबित इंतकाल मामलों के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग शामिल है।