संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और आमजन व पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से वेस्ट जोन, सोनीपत पुलिस की तरफ से कम्युनिटी लायजन ग्रुप (सीएलजी) का गठन किया गया है। इस संबंध में आदेश पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) कुशल पाल सिंह की ओर से जारी किए गए हैं।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों को साथ लेकर पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद को मजबूत करना, आपसी सहयोग बढ़ाना तथा क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था को बनाए रखना है।
नवगठित सीएलजी में विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक एवं संस्थागत क्षेत्रों से जुड़े व्यक्तियों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है जिनमें जिला व्यापारमंडल के प्रधान संजय सिंगला, चेयरमैन संजय वर्मा, शालू, संतोष त्यागी, सेफ इंडिया फाउंडेशन के डायरेक्टर सतीश माथुर, रमेश जैन, प्रियंका मुंजाल, राजसिंह, दिनेश कुमार, अधिवक्ता डॉ. राजसिंह सांगवान, सतीश कुमार शामिल है।
नामित सदस्यों ने कहा कि समाज में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे। पुलिस उपायुक्त ने विश्वास जताया कि यह समूह जनता और पुलिस के बीच एक मजबूत कड़ी का कार्य करेगा।