- दंपती में लंबे समय से चल रही अनबन, प्रॉपर्टी का है विवाद
- बहन के भात न्योतने के कार्यक्रम के दौरान हुआ हंगामा, ग्रामीणों के हस्तक्षेप से हुआ बचाव
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। गांव बड़ौता में पुत्री के विवाह के लिए भात न्योतने आई बेटी से घर की पुत्रवधू, उसके भाई और अन्य लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, तोड़-फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बड़ौता निवासी संतोष ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि उनके बेटे संदीप और उसकी पत्नी के बीच काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। इस कारण उसकी पुत्रवधू फिलहाल अपने मायके में रह रही है। 29 जून को उनकी बेटी अपनी पुत्री के विवाह के लिए भात न्योतने आई हुई थी।
इसके चलते घर में पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था। आरोप है कि रात करीब नौ बजे उसकी पुत्रवधू अपने बेटे, भाई रोहित और 15 से 20 अन्य युवकों के साथ कई वाहनों में सवार होकर उनके घर पहुंची। महिला का आरोप है कि सभी लोग जबरन घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी व घर में तोड़फोड़ भी की।
शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी अपने साथ तेजधार हथियार और पिस्तौल लेकर आए थे तथा परिवार को जान से मारने की धमकियां दीं। हंगामे और शोर-शराबे के बीच गांव के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया। शिकायत के अनुसार पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी वहां से भाग गए।
घटना के दौरान उसका पोता गिरकर घायल हो गया, जिसे चोटें आई हैं। मामले में सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस को हथियारों को लेकर साक्ष्य नहीं मिले है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।