खरखौदा। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दो शिक्षिकाओं के विवाद मामले में खरखौदा खंड शिक्षा अधिकारी सुजाता खत्री के नेतृत्व में गठित कमेटी ने सोमवार को विद्यालय में पहुंचकर जांच की। इसके बाद उनकी तरफ से जांच की रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपे जाने की बात कही गई है।
पिछले सप्ताह विद्यालय में दो शिक्षिकाओं की आपस में पिटाई करने का मामला सामने आया था, विवाद बढ़कर पुलिस तक पहुंच गया था। एक शिक्षिका की शिकायत पर पुलिस ने दूसरी शिक्षिका के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया था। वहीं शिक्षा विभाग की ओर से भी मामले की जांच की गई थी।
विभाग की तरफ से सोनीपत खंड शिक्षा अधिकारी के साथ अन्य को जांच के लिए विद्यालय में भेजा गया था, जबकि राज्य महिला आयोग की ओर से भी विद्यालय में पहुंचकर मामले को लेकर जांच की गई थी। शिक्षा विभाग ने कमेटी का गठन कर खंड शिक्षा अधिकारी सुजाता खत्री को जांच के निर्देश दिए थे, ताकि मामले में जांच कर स्थिति स्पष्ट की जा सके। सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी सुजाता खत्री ने विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच की। उनका कहना है कि वह जांच के मामले में कुछ नहीं कहेंगी, जांच की गई रिपोर्ट को जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा जाएगा। इसके बाद विभाग के आलाधिकारी ही मामले में कार्रवाई करेंगे।