सोनीपत। बहालगढ़ क्षेत्र में बच्चे के साथ अनैतिक कृत्य करने पर बहालगढ़ थाना पुलिस ने किक बॉक्सिंग कोच सुधीर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
महिला ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि उनका 12 वर्षीय बेटा सुधीर से प्रशिक्षण लेता था। हालांकि, एक वर्ष से वह अकादमी नहीं जा रहा था। आरोप है कि 15-20 दिन पहले सुधीर ने उनके बेटे को अपने घर ले गया और उसके साथ अनैतिक कृत्य किया। बाद में उसने उनसे बताया।
बेटे के जानकारी देने पर मां ने बहालगढ़ थाने में शिकायत दी। पुलिस ने जांच करने के बाद बुधवार को आरोपी कोच के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर वीरवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। बच्चे का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी सुधीर स्वयं सीनियर वर्ग का गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी रह चुका है। वह बहालगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित स्टेडियम में बच्चों को प्रशिक्षण देता था। उसकी अकादमी से जुड़े कई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं।
ऐसे में कोच पर लगे गंभीर आरोपों ने खेल जगत को झकझोर कर रख दिया है। खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों में घटना को लेकर नाराजगी होने के साथ बच्चों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।