गोहाना। नगर परिषद कार्यालय में शुक्रवार को प्रस्तावित हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम विवादों में घिर गया है। कार्यक्रम के पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर परिषद प्रशासन हरकत में आ गया।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ने बिना अनुमति धार्मिक आयोजन करवाने को लेकर एसडीएम और पुलिस प्रशासन को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टर में 29 मई को नगर परिषद कार्यालय में हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन दिखाया गया है। पोस्टर में नगर परिषद कार्यालय को आयोजन स्थल बताया गया है। इसमें चेयरपर्सन रजनी विरमानी की तस्वीर भी लगी हुई है। पोस्टर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी की तरफ से जारी पत्र में साफ कहा गया है कि किसी भी सामाजिक संस्था को नप कार्यालय में धार्मिक आयोजन की अनुमति नहीं दी गई है। पत्र में यह भी आशंका जताई गई कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
इसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और जिला प्रशासन को सूचना भेज दी। बुधवार को कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कूड़ा उठाने के लिए नए वाहनों को हरी झंडी दिखाई थी।
नगर परिषद के परिसर में इस कार्यक्रम के बाद हनुमान चालीसा के आयोजन को घोषित किया गया और नगर परिषद की चेयरपर्सन की तस्वीर के साथ सोशल मीडिया पोस्ट डाली गई। इसके बाद कार्यकारी अधिकारी ने यह ज्ञापन अलग अलग विभागों के नाम एसडीएम को सौंपा।
अब देखना यह है कि यह आयोजन होता है या प्रशासन इसे रोक देगा। अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।