नागरिक अस्पताल में खड़ीं नई एंबुलेंस।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। सीएम सिटी करनाल समेत प्रदेश के छह जिलों को 30 एंबुलेंस मिलेगी। स्वतंत्रता दिवस पर सोनीपत से सीएम मनोहर लाल और पंचकूला से अनिल विज हरी झंडी दिखाकर एंबुलेंस को रवाना करेंगे। स्वास्थ्य विभाग को 30 नई एंबुलेंस मिलने से कंडम एंबुलेंस को हटा दिया जाएगा।
नई एंबुलेंस मिलने से प्रदेश के हजारों मरीजों को राहत मिलेगी। अस्पतालों में सड़क हादसे में घायलों, रेफरल मरीजों व गर्भवती महिलाओं को लाने व लेकर जाने में बीएलएस एंबुलेंस का प्रयोग किया जाता है। प्रदेश में बीएलएस एंबुलेंसों की कमी होने से मरीजों व उसके तीमारदारों को परेशानी होती है। समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने पर मरीजों को निजी वाहनों में लाना व लेकर जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। कई बार मरीज रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। प्रदेश के छह जिलों में मरीजों को राहत दिलाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 30 एंबुलेंस चलाई जा रही हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सोनीपत से सीएम मनोहर लाल 15 एंबुलेंस को रवाना करेंगे। वहीं पंचकूला से स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज भी 15 एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
सीएम सिटी समेत छह जिलों में जाएंगी एंबुलेंस
सोनीपत से जिन 15 एंबुलेंस को सीएम मनोहर लाल हरी झंडी दिखाएंगे। उन एंबुलेंस में सोनीपत में छह, मेवात में छह व चरखी दादरी में तीन भेजी जाएंगी। वहीं पंचकूला से स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज 15 एंबुलेंस को अंबाला, हिसार व करनाल के लिए रवाना करेंगे।