बारिश के चलते आईएमटी खरखौदा में रविवार को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी के आने का कार्यक्रम निरस्त हो गया। प्रशासन ने आयोजन की तैयारी पूरी कर ली थी लेकिन शनिवार की शाम बारिश व तेज हवा की वजह से तैयारी छिन्न-भिन्न हो गई। इसके चलते मुख्यमंत्री का दौरा निरस्त करना पड़ा। वहीं, बारिश की वजह से कार्यक्रम स्थल पर पंडाल भी टूट गया।
आईएमटी परिसर में रविवार को पांच एकड़ क्षेत्र में 20 हजार पौधे रोपित करने की योजना थी जिससे कि यहां आदर्श वन स्थापित हो सके। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आगमन बतौर मुख्यअतिथि होना था। पहले यह कार्यक्रम 17 अगस्त को होना था जिसे लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई थी, लेकिन लगातार बारिश होने के कारण कार्यक्रम स्थल पर पानी भर गया, जिससे कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा था।
इसके बाद नई तारीख 24 अगस्त रखी गई लेकिन पूरी तैयारी होने के बाद बारिश ने फिर खलल डाल दिया। सुबह तक मौसम ठीक था। प्रशासन ने दिन रात एक कर कार्यक्रम की तैयारी की, लेकिन शाम को हुई बारिश ने पूरी तैयारी पर पानी फेर दिया। बारिश के साथ तेज हवा के कारण पंडाल का एक हिस्सा ही धराशायी हो गया।
मुख्यमंत्री कार्यलय को इसकी सूचना दी गई। खराब मौसम की वजह से आखिरकार मुख्यमंत्री का कार्यक्रम दूसरी बार निरस्त करना पड़ा। उपायुक्त डॉ. सुशील सारवान ने खराब मौसम की वजह से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के निरस्त होने की जानकारी दी।