सोनीपत। इंडियन नेशनल लोकदल के अध्यक्ष अभय चौटाला ने सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरेआम बुढ़ापा पेंशन काटी जा रही है। बावजूद इसके मुख्यमंत्री सफेद झूठ बोल रहे हैं कि कोई पेंशन नहीं काटी जा रही।
अभय चौटाला आज शहर में प्रदेश सचिव सुरेश त्यागी के भतीजे के शादी समारोह में आशीर्वाद देने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार जनविरोधी फैसले लेकर प्रदेश को पूरी तरह से बर्बाद करने पर तुली है। किसान बर्बाद हो चुके हैं।
युवा सरकारी नौकरी के लिए तरस रहे हैं। दिव्यांग कर्मचारियों की रिटायरमेंट की उम्र को 60 से घटाकर 58 साल कर दिया गया। अब बुजुर्गों को सम्मान के लिए दी जा रही पेंशन को भी आय से जोड़कर व अन्य शर्तें लगाकर सरकार काट रही है।
अब तक पूरे प्रदेश के 75 हजार से ज्यादा बुजुर्गों की पेंशन काटी जा चुकी है। बावजूद इसके मुख्यमंत्री बेशर्मी से कह रहे हैं कि कोई पेंशन नहीं काटी गई। अभय ने कहा कि चौ. देवीलाल ने बिना किसी शर्त के बुजुर्गों को 100 रुपये पेंशन देनी शुरू की थी।
यह आज के 15 हजार रुपये के बराबर है। कांग्रेस शासन में भी पेंशन काटने की कोशिश की गई थी, लेकिन इनेलो ने उस समय भी बुजुर्गों के सम्मान की लड़ाई लड़ी थी। अब भी पार्टी चुप नहीं बैठने वाली। 20 फरवरी को पंचकूला में प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन करके महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे।
इस मौके पर पार्टी जिलाध्यक्ष कुणाल गहलावत, पूर्व एसपी अनूप दहिया, कृष्ण मलिक, भूपेंद्र मलिक, करण चहल, सुरेंद्र सिरसाढ, बलवान नंबरदार, बलजीत नैन, प्रदीप दहिया, पूर्व चेयरमैन सतपाल गोयल, बिजेंद्र शेखपुरा, आकाश पालीवाल, सरदार कमलजीत, नितिन तनेजा, राजबाला गहलावत, भूपेंद्र राठी और अन्य भी मौजूद रहे।