सोनीपत। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह की कृष्ण-अर्जुन की जोड़ी ने देश को अनुच्छेद 370 की पीड़ा से मुक्त कर दिया है। इससे शहीदों की शहादत में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि देश की सेना में हर 10वां सैनिक हरियाणा का है, इसलिए 370 हटने से पूरा देश खुश है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में विकसित देशों की तर्ज पर सामाजिक सुरक्षा का मॉडल लागू किया जाएगा। सीएम मनोहर लाल वीरवार को 73वें स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस लाइन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण व परेड का निरीक्षण करने के बाद संबोधन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस दोहरी खुशियां लेकर आया है। स्वतंत्रता दिवस से 10 दिन पहले ही मां भारती के मस्तक पर पीड़ा देने वाले अनुच्छेद 370 को हटाकर कृष्ण-अर्जुन की तरह पीएम नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी ने इस पीड़ा से मुक्ति दिलाई है। उन्होंने सरदार पटेल के सपने को पूरा किया है। साथ ही डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा कि देश में हरियाणा की जनसंख्या महज दो प्रतिशत है, उसके बावजूद सेनाओं में हर 10वां सैनिक हरियाणा का है। तीन दशक से जम्मू-कश्मीर से हर दिन किसी न किसी सैनिक की शहादत का ताबूत देश के किसी राज्य में आता था। अब अनुछेद 370 व 35ए हटाने से शहीदों की शहादत में कमी आएगी। सीएम ने कहा कि अनुच्छेद 370 जम्मू-कश्मीर के लोगों और शेष भारत के बीच जुड़ाव में बड़ी बाधा थी। इनके हटने से 70 वर्षों से लंबित समस्या का समाधान हुआ है। केंद्र सरकार का प्रयास कश्मीर घाटी में देश की एकता व अखंडता की रक्षा करना है। इससे शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि मिली है। जम्मू-कश्मीर व लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने से स्थानीय निवासियों के लिए प्रगति और रोजगार के भी नए द्वार खुलेंगे।
शहीदों और सैनिकों के परिवारों की देखभाल करना हमारा कर्तव्य
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए शहादत देने वाले शहीदों और सेवारत सैनिकों के परिवारों व उनके आश्रितों की देखभाल करना हमारा कर्तव्य है। इसके लिए लगातार बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय की राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आजादी के बताए हुए मार्ग अन्त्योदय के सिद्धांत पर चल रही है। जीएसटी संग्रहण में हरियाणा देशभर में 5वें स्थान पर है। भाजपा ने प्रदेश में पौने पांच साल में 31 महिला कालेज खोले गए हैं, जबकि इससे पहले की सरकारें 48 सालों में 31 महिला कालेज खोल सकी थीं। व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन किया है। खिलाड़ियों ने प्रदेश का नाम बुलंदी पर पहुंचाया है। खिलाड़ियों को लगातार बेहतर योजना चलाई जा रही है। इस दौरान सांसद रमेश कौशिक, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की चेयरपर्सन कृष्णा गहलावत, सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन, एडीजीपी (सीआईडी) अनिल राव, एडीजीपी (कानून-व्यवस्था) नवदीप सिंह विर्क, डीसी डॉ. अंशज सिंह, एसपी प्रतीक्षा गोदारा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर नांदल, डॉ. ओमप्रकाश आत्रेय, ललित बत्रा, मीना नरवाल, मोहन लाल बड़ौली, कविता चौधरी, अनिल झरौठी, गुलशन ठेकेदार मौजूद रहे।
करोड़ों की परियोजना का किया उद्घाटन और शिलान्यास
सीएम ने सोनीपत जिले के लिए 26 करोड़ 32 लाख 89 हजार रुपये की सात परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। जिनमें 2 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय करेवड़ी के नए भवन तथा ड्रेन नंबर आठ पर झरोठ नरेला रोड पर 3 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से बनाए गए पुल का उद्घाटन किया। इसके अलावा 5 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से बनाए जाने वाले कथूरा धनाना रोड के पुर्ननिर्माण व चौड़ीकरण, 6 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से बनाए जाने वाले जुआं आईटीआई के भवन, 2 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से बनाए जाने वाले मोई माजरी गन्नौर पीएचसी बिल्डिंग, 2 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आहुलाना गन्नौर की पीएचसी बिल्डिंग और रहमाना से कैलाना तक 2 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से बनाई जाने वाली नई सडक़ का शिलान्यास किया।
विजेता रही मुधबन और उत्तराखंड की टीम को किया सम्मानित
सीएम ने हरियाणा पुलिस, उत्तराखंड पुलिस देहरादून, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड की टुकड़ियों द्वारा किए गए मार्च पास्ट की सलामी भी ली। मार्च पास्ट में एसआई राजेश कुमार के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन व एसआई बीएस भंडारी के नेतृत्व में उत्तराखंड पुलिस देहरादून संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिला पुलिस सोनीपत व महिला पुलिस को द्वितीय स्थान मिला जिनका नेतृत्व एसआई राजेश व शकुंतला ने किया। तीसरे स्थान पर एनसीसी सीनियर विंग आईटीआई सोनीपत रही।
15 एंबुलेंस को दिखाई हरी झंडी
सीएम मनोहर लाल ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान 15 लाइफ सेवर एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए लगातार प्रयासरत है। लोगों को जिंदगी बचाने को बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखी अनुच्छेद 370 हटाने की खुशी
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अनुच्छेद 370 हटाने की खुशी साफ झलकी। कार्यक्रम में मामचंद पब्लिक स्कूल को प्रथम, इंडियन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल को द्वितीय व साउथ प्वाइंट स्कूल को तृतीय स्थान मिला।
डेयर डेविल बाइक टीम को सीएम ने दी बधाई, बाइक पर घूमे
कार्यक्रम में हरियाणा पुलिस कमांडो, नेवल करनाल के जवानों की डेयर डेविल बाइक टीम के हैरतअंगेज शो ने सभी को आश्चर्य चकित कर दिया। सीएम ने टीम को मंच से उतरकर बधाई दी और स्वयं टीम के लीडर एसआई पवन की बाइक पर पीछे खड़े हुए और मैदान का चक्कर लगाकर लोगों का अभिवादन किया।
पुलिस लाइन में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में डेयर डेविल राइडिंग टीम के साथ बाइ?- फोटो : Sonipat