फोटो 25- लघु सचिवालय परिसर में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे लिपिक। संवाद
सोनीपत। वेतनमान में बढ़ोतरी की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे लिपिकों ने कहा कि अगर सरकार के साथ बुधवार को होने वाली वार्ता सफल नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक किया जाएगा। इसके लिए अन्य संगठनों का समर्थन मांगा जाएगा। हालांकि कई संगठनों ने लिखित रूप से लिपिक वर्ग को समर्थन दिया है। इनमें रोडवेज यूनियन, पटवारी एसोसिएशन सहित कई अन्य संगठन शामिल हैं।
लिपिकों ने सोमवार को धरनास्थल पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि सरकार से तीसरे दौर की वार्ता असफल रही तो आंदोलन को बड़े स्तर पर चलाया जाएगा। उनका कहना है कि सरकार के साथ दो दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन अभी तक मांगों को लेकर सहमति नहीं बनी है। सरकार ने लिपिकों को वार्ता के लिए बुधवार को चंडीगढ़ बुलाया है। लिपिक वर्ग एसोसिएशन के क्षेत्रीय समन्वयक कुलदीप सिंह ने कहा कि अगर सरकार से वार्ता इस बार विफल रही तो लिपिक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगे पूरी नहीं करती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। सोमवार को भी 10 लिपिकों ने क्रमिक भूख हड़ताल रखी। उन्होंने बताया कि जींद में हुई लिपिकों की प्रदेशस्तरीय बैठक में भी यही फैसला लिया गया है कि जब तक मांगे पूरी नहीं की जाती, तब तक संघर्ष जारी रखेंगे।