सोनीपत। नगर निगम की आरे से वार्ड नंबर 21 के तहत ठप पड़ी सीवर लाइन की सफाई शुरू कर दी गई है। गढ़ी ब्राह्मणान, मयूर विहार, सरस्वती विहार में सीवर लाइन ओवरफ्लो होने से लोगों को परेशानी हो रही थी।
इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए दो दिन पहले जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने सहायक अभियंता मंजीत दहिया को मांगपत्र सौंपा था। नगर निगम की टीम पहुंचने पर जिला पार्षद एवं निगम पार्षद प्रतिनिधि संजय बड़वासनी ने सीवर लाइन की सफाई शुरू कराई।
उन्होंने बताया कि मयूर विहार गली नंबर 24, 25 व 26 में काफी बुरा हाल था। इस कारण गली वालों का निकलना और मुश्किल हो रहा था। निगम पार्षद दीपमाला ने कहा कि जल्द ही पानी निकासी की समस्या का समाधान होगा और कोई भी समस्या वार्ड में नहीं रहने दी जाएगी।