राई। प्याऊ मनियारी की ड्रेन नंबर आठ के पास कैंटर की टक्कर से बाइक सवार दसवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। साथ ही मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव पाबसरा निवासी सतपाल ने पुलिस को बताया कि उनके तीन बच्चों में सबसे बड़े बेटे यशविंद्र ने दसवीं कक्षा की परीक्षा दी है। वह संजय के पास एसी मरम्मत का काम सीखता था। यशविंद्र किसी काम से संजय के साथ बाइक पर जा रहा था। जब वह ड्रेन नंबर आठ के पास पहुंचे तो कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे उसके बेटे यशविंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक संजय को चोट लगी है। उन्होंने इसकी सूचना कुंडली थाना पुलिस को दी। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। आरोपी कैंटर चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।