फोटो 06- सोनीपत के गोहाना में नागरिक अस्पताल के आईसीयू वार्ड पर लगा ताला। संवाद
गोहाना। बरोदा रोड स्थित उपमंडल के नागरिक अस्पताल में गहन देखभाल इकाई (आईसीयू) सफेद हाथी बना हुआ है। आईसीयू को तैयार हुए नौ माह बीत चुके हैं, अभी तक स्टाफ उपलब्ध न होने से यहां ताला लटका हुआ है। यही नहीं आईसीयू में रखे उपकरणों की नौ महीने की वारंटी बीत चुकी है, अब महज तीन माह की वारंटी ही बाकी है। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी हर महीने आईसीयू को चालू करने की मांग भेजते हैं, लेकिन अभी तक आईसीयू चालू नहीं किया जा सका है।
उपमंडल के नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से छह बेड के आईसीयू का ढांचा तैयार किया गया है। इसमें आवश्यक उपकरण भी रखे हुए हैं। आईसीयू में पाइपलाइन, एसी, ऑक्सीजन, वैक्यूम व हवा के लिए तीन पाइप लगाए गए हैं। उपकरणों में वैक्यूम व एसी कंप्रेसर की वारंटी 12 महीने की दी गई थी, जिनमें से नौ माह की वारंटी निकल चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि सिविल सर्जन की तरफ से स्टाफ व मुख्य यंत्र उपलब्ध किए जाने के बाद आईसीयू को चालू किया जाएगा।
द्वितीय तल पर बना है आईसीयू
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से द्वितीय तल पर आईसीयू तैयार किया गया है। आईसीयू में स्वास्थ्य विभाग के तीन कमरे रिजर्व हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कामों को लेकर भवन की कमी रहती है और अब तक आईसीयू भी चालू नहीं हुआ है। ऐसे में नौ महीने से तीन कमरों पर ताला लटका हुआ है।
नागरिक अस्पताल में छह बेड का आईसीयू वार्ड तैयार किया गया है। ऑक्सीजन, वैक्यूम, हवा की फिटिंग व एसी की व्यवस्था की गई है। उच्च अधिकारियों के पास हर महीने मांग भेजी जाती है। आईसीयू का स्टाफ उपलब्ध होने के बाद आईसीयू चालू किया जाएगा।
- डॉ. संजय छिक्कारा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, गोहाना