पब्लिक हेल्थ और नगर निगम के तालमेल की कमी शहर में सीवरेज जाम की वजह बन रही है। आलम यह है कि निगम अपने नालों की सफाई नहीं करता, नतीजतन जनस्वास्थ्य विभाग की सीवरेज लाइन पॉलीथिन के चलते ब्लॉक हो जाती है। शहर की कपड़ा मार्केट फेज बाजार में तो सीवर लाइन खोलने के लिए दो करोड़ की सुपर सक्शन मशीन फेल हो गई बल्कि तीन घंटे तक जाम रही। अब शुक्रवार को पब्लिक हेल्थ की टीम सड़क को बीच से तोड़कर लाइन में फंसी पॉलीथिन निकालने का प्रयास करेगा। शहर में सबसे ऊंचाई पर बसे कोट मोहल्ला में नगर निगम ने गंदे पानी की निकासी के लिए गलियों के दोनों तरफ नाले बना रखे हैं। इन नालों में गंदा पानी फेज बाजार में आकर सीवरेज लाइन में चला जाता है, जो आगे मेनलाइन से जुड़ी हैं, लेकिन नालों से पानी के साथ बहकर आने वाली पॉलीथिन सीवरेज लाइन को बंद कर रही हैं। पिछले डेढ़ माह से कपड़ा मार्केट के कारोबारी इस समस्या से परेशान हैं।
जनता और विभाग ठहरा रहे एक-दूसरे को जिम्मेदार
पॉलीथिन और कूड़ा कर्कट रोकने के लिए निगम की ओर से नालों में जगह-जगह जाली बनाई गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई कर्मचारी कूड़ा उठाकर ले जाने की बजाए नालों में ही बहा देते हैं। जो जाली के पास जाकर एकत्र हो जाता है। इससे नाला बंद होकर गंदा पानी सड़क के बीचोंबीच बहने लगता है, वहीं निगम के सफाई कर्मचारियों का कहना है कि पब्लिक अपना कूड़ा नालों में डालती है। साथ ही अपनी दुकान के सामने से दुकानदार जाली को हटा देता है। इससे कूड़ा सीधा सीवरेज लाइन में फंस जाता है, जो लाइन के ब्लॉक होने का प्रमुख कारण बनता है।
जाम हो गई मशीन, कर्मचारियों ने खड़े किए हाथ
फेज बाजार में जाम पड़ी सीवरेज लाइन साफ करने के लिए पब्लिक हेल्थ ने सुपर सक्शन मशीन मंगवाई। मशीन को लाइन में डालकर सफाई करना शुरू किया तो लाइन में फंसी पॉलीथिन मशीन के उपकरणों में फंस गई। इसके चलते तीन घंटे तक मशीन बंद रही। गुरुवार दोपहर जेई गक्खड़ सफाई कर्मियों को लेकर बाजार में पहुंचे और फट्टियों के माध्यम से लाइन को खोलने का प्रयास किया, लेकिन इसमें भी कामयाबी नहीं मिली। कर्मचारियों ने भी हाथ खड़े कर दिए। अब शुक्रवार को सड़क तोड़कर लाइन को खोलने का प्रयास किया जाएगा।
सीवरेज लाइन से कम मंजूर नहीं, सीएम विंडो पर पहुंचे कपड़ा व्यापारी
निगम के निवर्तमान पार्षद विमल किशोर के नेतृत्व में फेज बाजार के कपड़ा व्यापारी गुरुवार को सीएम विंडो पर पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम पत्र देकर बताया कि कपड़ा मार्केट के ऊपर कोट मोहल्ला है, जहां चार हजार के करीब आबादी है। सीवरेज लाइन न होने के कारण कूड़ा-कर्कट नालों में डाला जाता है, जो कपड़ा मार्केट में आकर सीवरेज लाइन को जाम कर देता है। जब तक मोहल्ले में सीवरेज लाइन नहीं डाली जाएगी, तब तक इस समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो सकता। शिकायत की कॉपी व्यापारियों ने पब्लिक हेल्थ व नगर निगम के अधिकारियों को भी सौंपी है।
मार्केट ठप, ढाई माह से झेल रहे दंश: मित्तल
कपड़ा मार्केट के प्रधान श्यामलाल मित्तल का कहना है कि पिछले ढाई माह से मार्केट के अंदर गंदा पानी सड़क पर है। गंदगी व बदबू के चलते ग्राहक दुकानों पर नहीं आ रहे, इससे उनका कारोबार पूरी तरह ठप हो गया है। जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो वे बर्बाद हो जाएंगे। कोट मोहल्ला में सीवरेज लाइन बिछाकर समस्या का स्थाई समाधान निकाला जाए। 2 : सीएम विंडो पर शिकायत देने पहुंचे कपड़ा व्यापारी, साथ में निवर्तमान पार्षद विमल किशोर।
फोटो 3 : कपड़ा मार्केट के प्रधान श्यामलाल मित्तल।
फोटो 4 : फेज बाजार स्थित कपड़ा मार्केट में सीवरेज लाइन न खुलने के बाद परेशान सफाई कर्मचारी।