गन्नौर। नगरपालिका उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर 3 जनवरी को बुलाई गई बैठक में एसडीएम के न पहुंचने पर पार्षदों ने उच्च न्यायालय में एक और याचिका डाल दी है। पार्षदों ने प्रशासन पर उच्च न्यायालय के आदेशों की अवमानना के संबंध में यह याचिका डाली है। याचिका पर 9 जनवरी को सुनवाई होगी, हालांकि प्रशासन ने अविश्वास को लेकर दूसरी बैठक 10 जनवरी को बुला रखी है।
पार्षदों का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारियों ने राजनीतिक दबाव में आकर बैठक नहीं होने दी, जिस वजह से उन्होंने यह याचिका डाली है। 20 नवंबर 2024 को 13 पार्षदों ने उपायुक्त को नपा उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव सौंपा था। बैठक के लिए तारीख निर्धारित नहीं करने पर उन्होंने उच्च न्यायालय में अपील की थी। उच्च न्यायालय ने 15 दिन के भीतर बैठक करने के निर्देश दिए थे। प्रशासन ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 13 दिसंबर निर्धारित की थी। पहली बैठक के 15 दिन बाद 29 दिसंबर 2024 को प्रशासन ने अविश्वास बैठक बुलानी थी, लेकिन इसे बढ़ा कर 3 जनवरी कर दिया था। उस समय एसडीएम अचानक बीमार होने की वजह से बैठक में नहीं पहुंचे। वार्ड नंबर 11 के पार्षद सतबीर शर्मा ने कहा कि एसडीएम ने बैठक में नहीं पहुंच कर उच्च न्यायालय के आदेशों की अवमानना की, जिसके चलते अवमानना करने पर अपील की गई है।
कुरुक्षेत्र। एलएनजेपी अस्पताल में बनाया गया आईसालेशन वार्ड। संवाद