गोहाना में डोर टू डोर कूड़ा उठाते सफाई कर्मचारी। संवाद
गोहाना। शहर के स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ने तैयारी शुरू कर दी है। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए परिषद ने कमर कस ली है और नए कदम उठाने का फैसला किया है।
नगर परिषद जल्द ही मुख्य सड़कों की सफाई के लिए स्वीपिंग मशीन का टेंडर जारी करेगी। अभी फिलहाल सफाई का काम अलग-अलग तरीकों से कराया जा रहा है ताकि शहर साफ-सुथरा नजर आए। शहर में सफाई के लिए तीन स्तर पर काम किया जाएगा। गलियों की सफाई कर्मचारी करेंगे। घर-घर से कूड़ा उठाने का काम पहले से लगी एजेंसी करेगी। वहीं मुख्य सड़कों की सफाई के लिए स्वीपिंग मशीन का इस्तेमाल किया जाएगा।
नगर परिषद की ईओ निशा शर्मा का कहना है कि जैसे ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी होगी, मशीन से नियमित सफाई शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल अस्थायी व्यवस्था के तहत मशीन से भी सफाई करवाई जा रही है, ताकि स्वच्छता सर्वे में शहर अच्छा प्रदर्शन कर सके।
नगर परिषद का फोकस है कि शहर की हर सड़क और गली साफ दिखे और लोगों को बेहतर सफाई व्यवस्था मिले। इसी को लेकर लगातार निगरानी भी रखी जा रही है।