गोहाना। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में कांस्टेबल अमित कुमार (31) की बुखार के चलते मौत हो गई। सोमवार शाम उनका पैतृक गांव बनवासा में अंतिम संस्कार किया गया। सीआईएसएफ की टीम ने अंतिम संस्कार के समय सलामी दी।
गांव बनवासा अमित कुमार वर्ष 2013 में सीआईएसएफ में भर्ती हुए थे। वह अब दिल्ली में एयरपोर्ट हेडक्वार्टर पर तैनात थे। कांस्टेबल अमित को 18 अक्तूबर को तेज बुखार हुआ जिसके बाद उनको दिल्ली के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। ग्रामीण अमरजीत उर्फ काला ने बताया कि वहां उनकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ, जिसके चलते उनको रविवार को हिसार में एक निजी अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में तबीयत अधिक बिगड़ने पर रोहतक के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहां पर उपचार के दौरान उनका देहांत हो गया। सोमवार शाम को उनका शव गांव में पहुंचा। उनके डेढ़ साल की बेटी और चार साल का बेटा है। गांव में दुख का माहौल है।