सामान्य अस्पताल में गर्भवती महिला के साथ डिलीवरी के दौरान अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि महिला ने बाथरूम के बाहर बच्चे को जन्म दिया। स्टाफ कर्मियों ने गर्भवती को थप्पड़ भी मारे हैं। जन्म के बाद शिशु की हालत बिगड़ गई, जिसे गंभीर हालत के चलते रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। वहीं, महिला को नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
मूलरूप से बिहार के छपरा फिलहाल दुर्गा कालोनी कुंडली निवासी उमाकांत ने बताया कि वह रविवार सुबह उसकी पत्नी किरण को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। वह पत्नी को एंबुलेंस में लेकर सामान्य अस्पताल पहुंचा। प्रसूति विभाग में पहुंचने पर स्टाफ कर्मियों ने थोड़ी देर रुकने को कहा। इस दौरान गर्भवती महिला बाथरूम चली गई। बाथरूम से बाहर आते हुए महिला के गेट पर ही प्रसव पीड़ा अधिक होने लगी। स्टाफ कर्मी गर्भवती के पास पहुंचे और उसे कमरे में चलने को कहा। महिला व उसके परिजनों को आरोप है कि स्टाफ कर्मियों ने उसे थप्पड़ जड़ दिए। महिला ने वहीं बच्चे को जन्म दे दिया। इसके बाद शिशु की हालत बिगड़ गई। उसे गंभीर हालत के चलते रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
इस तरह की शिकायत आई थी। प्रसूति विभाग में नियुक्त चिकित्सक ने ऐसी घटना से मना किया है। विभागीय जांच कराई जाएगी। अगर कोई स्टाफ कर्मी दोषी मिला तो कार्रवाई की जाएगी।
सुखबीर सिंह, एमएस, सामान्य अस्पताल