सोनीपत। दिवाली और भैया दूज पर्व को लेकर पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। सुरक्षा के लिए 18 स्थानों पर नाके लगाने के साथ ही कई बिंदु चिन्हित कर वहां विशेष गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। आपराधिक वारदात को रोकने के लिए सभी तैयारी की गई है। पुलिस आयुक्त ने पीसीआर व राइडर की अलग-अलग ड्यूटी लगाई हैं।
दिवाली पर्व को लेकर बाजार सज गए हैं। खरीदारों की भीड़ जुट रही है। पुलिस ने सुरक्षा को लेकर व्यापक प्रबंध किए हैं। पर्व पर कच्चे क्वार्टर क्षेत्र, हलवाई हट्टा, सुभाष चौक क्षेत्र में पुलिस की अलग-अलग आधा दर्जन से अधिक पार्टियां तैनात की गई ताकि किसी के साथ अनहोनी घटना को तुरंत रोका जा सके।
सड़क पर वाहनों को खड़ा करने से रोकने की विशेष तैयारी की गई है। पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा को लेकर शहर में 18 स्थानों पर नाके लगाने के निर्देश दिए है। इसमें शहर सोनीपत, सिविल लाइन व सेक्टर-27 के अलग-अलग प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं।
पटाखे चलाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसे लेकर भी पुलिस चेकिंग अभियान चला रही है। पटाखे बेचने व जलाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, ग्रीन पटाखे बेचने व अलग-अलग समय पर तीन घंटे पटाखे चलाने की अनुमति रहेगी। पुलिस की एक टीम कंट्रोल रूम में भी सक्रिय रहेगी।
जाम से निपटने के लिए पूरे प्रबंध किए
प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जाम की स्थिति से निपटने को सभी प्रबंध किए गए हैं। पुलिस ने 50 राइडर के साथ 16 पीसीआर व 31 डायल-112 की ड्यूटी लगाई है। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। वाहनों की जांच की जा रही है। काली फिल्म लगे वाहनों पर नकेल कसी जा रही है।
त्योहारी सीजन में सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क है। इसके लिए विशेष योजना तैयार की गई है। सुरक्षा को लेकर किसी तरह की कोताही नहीं बरतने दी जाएगी। पुलिसकर्मियों को बाजार व भीड़ वाले स्थानों के साथ ही बस स्टैंड व अन्य स्थानों पर सादे कपड़ों में भी तैनात किया गया है। -ममता सिंह, पुलिस आयुक्त, सोनीपत।