सोनीपत। जिले में रविवार को संपन्न हुए सोनीपत इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के चुनाव का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया गया। इसमें राजेश रानी, विजय लठवाल, प्रतीक गुप्ता, मोहन बंसल, ध्रुव कुच्छल व अक्षय गर्ग ने जीत दर्ज की है। अब यह सदस्य मिलकर चेयरमैन का चुनाव करेंगे।
सीए दीपक गुप्ता ने बताया कि सोनीपत शाखा में कुल 532 सीए की वोट हैं। चुनाव में 65 फीसदी यानी 342 ने अपने मत का प्रयोग किया था। चुनाव में दस उम्मीदवारों ने अपना भाग्य आजमाया था। इनमें अजय कुमार, धवन संजय कुमार, ध्रुव, अक्षय, प्रतीक, राहुल, मोहन कुमार, राजेश रानी, शुभम और विजय उम्मीदवार थे। इनके भाग्य का फैसला यानी चुनाव का परिणाम मंगलवार को नोएडा स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया हेड ऑफिस में गिनती होने के बाद जारी किया गया। इसमें एकमात्र महिला उम्मीदवार राजेश रानी सबसे अधिक वोट लेकर विजयी हुई। इनके अलावा विजय लठवाल, प्रतीक गुप्ता, मोहन बंसल, ध्रुव कुच्छल व अक्षय गर्ग विजयी घोषित हुए, जो वर्ष 2025 से 2029 के कार्यकाल के लिए चुने गए हैं। उन्होंने बताया कि अब यह छह सदस्य चेयरमैन का चुनाव करेंगे, जो एक वर्ष की अवधि के लिए होगा। चुनाव में जीत दर्ज करने वालों को सीए पवन गुप्ता, जिला व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला, देवेंद्र लोहिया, अधिवक्ता अरविंद मित्तल, रवि मित्तल, अधिवक्ता संदीप मलिक, संजीव अग्रवाल, सीए अनुज मंगला, सीए संजीव कुच्छल ने बधाई दी।