सोनीपत। हरियाणा गो सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण गर्ग ने गांव भटगांव स्थित धर्मार्थ गोशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने पशुपालन विभाग को साथ लेकर गायों को रखने की व्यवस्था, चारे व अन्य सभी पहलुओं की जांच की।
उन्होंने गोशाला की ओर से नस्ल सुधार व गो सेवा के लिए किए गए प्रबंधों को लेकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां नस्ल सुधार कार्यक्रम के तहत जो कार्य किया जा रहा है वह बेहतरीन ढंग से किया जा रहा है। उनके साथ आयोग के उपाध्यक्ष पूरन यादव लोहचब व सदस्य राकेश मलिक मौजूद रहे।
गर्ग ने गोशाला के पदाधिकारियों से कहा कि गोशाला में किसी भी सुविधा की आवश्यकता हो तो उस बारे में उन्हें अवगत करवाएं ताकि उसे जल्द उपलब्ध करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि अगर कोई गोवंश बीमार हो जाता है तो इसकी सूचना पशु चिकित्सक को दें। गोशाला पदाधिकारियों के साथ खुला संवाद करते हुए जिले को बेसहारा गोवंश मुक्त करने के संकल्प पर जोर दिया। इस मौके पर पशुपालन विभाग से उपनिदेशक डॉ. संजय आंतिल, सरपंच नीरज, गोशाला के प्रधान बलवंत सिंह, महासचिव रामनिवास, उपप्रधान रणधीर दहिया, सहसचिव राजबीर सिंह, कोषाध्यक्ष जगदीश, रमेश दहिया नकलोई मौजूद रहे।