संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की ओर से 24 प्राथमिक विद्यालयों और निजी स्कूलों में कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों का हिंदी व गणित विषय का आकलन किया जाएगा। बीआरसी व एबीआरसी 11 से 13 मार्च तक चयनित स्कूलों में विद्यार्थियों का आकलन करेंगे।
इसके लिए बुनियादी साक्षरता व संख्या ज्ञान (एफएलएन) के जिला समन्वयक मनोज वर्मा व जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राध्यापक जसपाल सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं, ब्लॉक कथूरा के 24 स्कूलों में प्रोजेक्ट अक्षर के तहत 9 व 10 मार्च को कक्षा पहली व दूसरी के विद्यार्थियों की सेंसस असेसमेंट होगा।
एनसीईआरटी ने विद्यार्थियों का शैक्षिक स्तर सुधारने के लिए जिले के 24 स्कूलों का चयन कर कक्षा पहली व दूसरी के विद्यार्थियों का सेंसस ग्रुपिंग असेसमेंट करवाने का निर्णय लिया है। इनमें 7 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों और 17 निजी स्कूलों को शामिल किया गया है।
बीआरसी और एबीआरसी के ब्लॉक बदलकर उनकी अलग-अलग स्कूलों में ड्यूटी लगाई जाएगी। कक्षा अनुसार विद्यार्थियों का विवरण गलत मिलने या तकनीकी खामी मिलने पर संबंधित बीआरपी व एबीआरसी का जिला एफएलएन समन्वयक को जानकारी देना अनिवार्य रहेगा। आकलन के दौरान स्टेटस की ट्रैकिंग भी की जाएगी।
कथूरा में 12 लॉ विद्यार्थी लेंगे विद्यार्थियों की असेसमेंट
कथूरा ब्लॉक के 24 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में प्रोजेक्ट अक्षर के तहत 9 व 10 मार्च को कक्षा पहली व दूसरी के विद्यार्थियों का सेंसस असेसमेंट होगा। डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, राई के 12 विद्यार्थी कक्षा पहली व दूसरी के विद्यार्थियों की असेसमेंट लेकर उनके शिक्षा के स्तर को जानेंगे। इससे विद्यार्थियों के शिक्षा स्तर में और सुधार लाया जा सकेगा। योजना का लक्ष्य कक्षा दूसरी के 75 फीसदी विद्यार्थियों को दक्ष बनाकर उन्हें निपुण बनाना है ताकि हर बच्चा कक्षा तीसरी तक आधारभूत साक्षरता व गणन क्षमता हासिल कर सके।
वर्जन
विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर जानने के उद्देश्य से सोनीपत के 24 व ब्लॉक कथूरा के 24 स्कूलों में सोमवार से सेंसस ग्रुपिंग असेसमेंट करवाया जाएगा। सभी प्राथमिक विद्यालय प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। -रचना बाना, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी।