संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। नव वर्ष-2025 की शुरुआत के साथ ही केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की बोर्ड कक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षाएं भी शुरू हो जाएंगी। सीबीएसई ने प्रायोगिक परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके तहत पहली जनवरी से प्रायोगिक परीक्षाएं तो 15 फरवरी से लिखित परीक्षाएं शुरू होंगी। सीबीएसई ने इसके साथ ही बोर्ड परीक्षा को लेकर गाइडलाइन भी जारी की है।
प्रायोगिक परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा के साथ ही सीबीएसई ने 10वीं व 12वीं कक्षाओं के लिए विषयवार अंकों का विभाजन भी जारी किया है। इसको लेकर सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वह प्रायोगिक अंक अपलोड करते समय गलतियां न करें। एक बार अंक अपलोड होने के बाद उनमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। प्रायोगिक और लिखित परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए सीबीएसई ने कक्षाओं के लिए विषयों की एक सूची जारी की है। इसमें कक्षा, विषय का नाम व कोड, लिखित परीक्षा, प्रायोगिक परीक्षा, परियोजना मूल्यांकन व आंतरिक मूल्यांकन के अधिकतम अंक, उत्तर पुस्तिका का प्रकार जो लिखित परीक्षा में उपयोग किया जाएगा का पूर्ण विवरण दिया गया है।
जिले में करीब 27 हजार विद्यार्थी देंगे बोर्ड परीक्षा
सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू की जाएंगी। बोर्ड परीक्षा में जिले से करीब 27 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। इनमें 10वीं के करीब 15 हजार और 12वीं कक्षा के लगभग 12 हजार विद्यार्थी शामिल हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों की उपस्थिति 75 फीसदी होनी चाहिए। बोर्ड की प्रायोगिक व वार्षिक परीक्षाओं की डेटशीट सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर भी जारी की गई है। परीक्षा की तिथि के साथ कक्षा 10वीं व 12वीं के लिए विषय अनुसार लिखित, प्रायोगिक, व इंटरनल असेसमेंट के अंक निर्धारित किए गए हैं।
वर्जन
-सीबीएसई की तरफ से बोर्ड कक्षाओं के लिए प्रायोगिक व वार्षिक परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। विद्यार्थी इसे बोर्ड की वेबसाइट पर देख सकते हैं। जिले में इस बार करीब 27 हजार विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। विद्यार्थी परीक्षा की तैयारियां अभी से शुरू कर दें।-वीके मित्तल, प्राचार्य, डीएवी मल्टीपरपज स्कूल, सेक्टर-15, सोनीपत