स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तारा नगर स्थित शिव क्लीनिक में महिला चिकित्सक को मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (एमटीपी) किट बेचते हुए काबू किया है। उसे सिविल लाइन थाना पुलिस के हवाले कर दिया। टीम ने क्लीनिक से चार एमटीपी किट व गर्भपात की दवाएं बरामद कर सील की है। आरोपी चिकित्सक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि तारा नगर में एक महिला क्लीनिक पर एमटीपी किट बेचती है। सूचना के बाद सिविल सर्जन के निर्देश पर टीम का गठन किया गया। टीम में उप सिविल सर्जन डॉ. आदर्श शर्मा, डॉ. स्वराज चौधरी, डॉ. सुभाष गहलावत को शामिल किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने एक डिकॉय महिला को तारा नगर के शिव क्लीनिक पर भेजा। यहां पर क्लीनिक संचालिका ने महिला को 1500 रुपये में एमटीपी किट देने की बात कही। उसने क्लीनिक संचालिका डॉ. सुनीता को 1500 रुपये दे दिए। महिला चिकित्सक ने जैसे ही डिकॉय को एमटीपी किट दी, उसे काबू कर लिया। इसके बाद टीम ने डॉ. सुनीता को पुलिस को सौंप दिया और उसके खिलाफ सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया।
वर्जन
टीम को सूचना मिली थी कि महिला चिकित्सक एमटीपी किट बेच रही है, जिसे पकड़ लिया गया है। आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
- डॉ. आदर्श शर्मा, उप सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग सोनीपत