फोटो 16: सोनीपत के कुंडली स्थित प्याऊमनियारी में अवैध रूप से पकड़े गए गैस सिलिंडर के साथ आरोपी व
सोनीपत। कुंडली के प्याऊ मनियारी स्थित जैन कॉलोनी में किराये के मकान में गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद सोमवार शाम को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, खुफिया विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने छापा डालकर 94 गैस सिलिंडर बरामद किए। मामले को लेकर कुंडली थाना पुलिस को शिकायत दी गई है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम को कुंडली के प्याऊ मनियारी में घरेलू गैस सिलिंडर की कालाबाजारी की जानकारी मिली थी। इस पर टीम ने निरीक्षक बिजेंद्र, एएसआई राजेश, खुफिया विभाग से एएसआई कमलजीत, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक प्रवीण व उप निरीक्षक अजय मलिक और थाना प्रभारी कुंडली राजू संधू के साथ छापा डाला।
टीम ने जैन कॉलोनी में मूलरूप से बिहार के संतोष के किराये के मकान पर छापा डाला तो वहां से गैस सिलिंडरों का जखीरा मिला। टीम को 30 घरेलू गैस सिलिंडर मकान के अंदर, 34 गाड़ी में और 24 घरेलू और छह कामर्शियल सिलिंडर एक अन्य कमरे से मिले। मामले में अब कुंडली थाना पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस नियम के अनुसार कार्रवाई करेगी।