मीट से भरा कैंटर पकडे जाने की सूचना के बाद जांच करती पुलिस।
- फोटो : Sonipat
राई। जीटी रोड पर केएमपी पुल के पास गोरक्षा दल की टीम ने मीट से भरी गाड़ी को पकड़ा है। टीम ने चालक को पकड़कर मीट समेत पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पशुपालन विभाग के चिकित्सक को बुलाकर मीट के सैंपल लिए हैं। जिसकी रिपोर्ट के आधार पर पता लग सकेगा कि कैंटर में किस पशु का मीट भरा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वीरवार को गोरक्षा दल के जिला प्रधान सोनू आर्य अपनी टीम के साथ हाईवे पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें एक गाड़ी के अंदर से पानी टपकता हुआ दिखाई दिया। जिस पर शक के आधार पर उसकी गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। केएमपी पुल के पास गाड़ी को पकड़ लिया। गाड़ी की जांच की तो उसमें मांस भरा था। उन्होंने कैंटर चालक को पकड़ लिया। उसने अपनी पहचान मेवात के नूंह निवासी अजरू के रूप में दी। उसने बताया कि वह मांस को यूपी के कैराना से मानेसर लेकर जा रहा था। गोरक्षा दल के सदस्यों ने मामले से पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मांस को कब्जे में ले लिया। जिसके साथ ही चालक अजरू को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पशुपालन विभाग से चिकित्सकों की टीम को बुलाकर सैंपल एकत्रित कराए। जिन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच के बाद पता लगा सकेगा कि कैंटर में किस पशु का मांस भरा हुआ है।
गाड़ी में भरा है नौ क्विंटल से अधिक मीट
पुलिस के मुताबिक गाड़ी के अंदर करीब 9 क्विंटल 820 किलो मांस भरा हुआ है। जिसकी कीमत 11 लाख के आसपास बताई गई है। मीट पर बर्फ ढकी हुई थी। जिसे कब्जे में लेकर जांच कराई गई है। उसके मालिक को बुलाया गया है। जिसके आने के बाद ही वह कागजात दिखाएगा।
हाईवे से होती है मांस की डिलीवरी
गोरक्षा दल के जिला प्रधान सोनू आर्य ने बताया कि हाईवे से ही मांस की डिलीवरी होती है। अगर पुलिस टीम ठोस कार्रवाई करे तो इसे रोका जा सकता है। उन्होंने शक जताया कैंटर में गो मांस हो सकता है। हालांकि उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में पूरी तरह से साफ हो सकेगा।
केएमपी के पास गोरक्षा दल ने मीट से भरी गाड़ी पकड़कर सूचित किया था। टीम ने मीट को कब्जे में ले लिया है। जिसके पशुपालन विभाग के चिकित्सक से सैंपल लिए हैं। जिसके सैंपल के आधार पर पता लग सकेगा कि किस पशु का मीट भरा है। उसके आधार व कागजात देखने के बाद नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
शमशेर सिंह, थाना प्रभारी, राई।