सोनीपत। नेशनल हाईवे-334बी पर खेवड़ा बाइपास के पास बाइक सवार चार युवक बैंक के कलेक्शन एजेंट का 1.20 लाख रुपये की नकदी से भरा बैग छीनकर भाग गए। बाइक सवार कलेक्शन एजेंट मोबाइल पर कॉल रिसीव करने के लिए रुके थे। बहालगढ़ थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव जाजल टोंकी निवासी सुमित ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि वह उज्जीवन बैंक सोनीपत में कलेक्शन का कार्य करते हैं। वह सोमवार को बैंक का कलेक्शन लेने के लिए उत्तर प्रदेश के बागपत गए थे। दिनभर विभिन्न स्थानों से कलेक्शन करने के बाद वह शाम करीब 1.20 लाख रुपये व बैंक दस्तावेज बैग में रखकर अपनी बाइक पर सोनीपत लौट रहे थे।
देर शाम करीब 7:20 बजे जब वह खेवड़ा बाइपास पर पहुंचे तो उनके मोबाइल पर जीजा की कॉल आ गई। उन्होंने बाइक को सड़क किनारे रोक दिया और मोबाइल पर बात करने लगा। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार युवक अचानक वहां पहुंचे और झपट्टा मारकर उनका बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों मौके से भाग गए।
सुमित का कहना है कि चारों युवकों ने सिर पर हेलमेट लगा रखा था। इसके चलते वह उनके चेहरे भी नहीं देख सके। साथ ही अचानक हुई वारदात के चलते वह उनकी बाइक के नंबर भी नोट नहीं कर पाया। बैग में रखी नकदी के अलावा बैंक से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी थे।
घटना की सूचना पर बहालगढ़ पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और युवकों की पहचान व तलाश के प्रयास शुरू कर दिए हैं। घटना से दहशत का माहौल है।