पार्श्वनाथ सिटी स्थित दिल्ली पुलिस कर्मचारी के विला की रसोई की खिड़की तोड़कर चोरों ने नकदी और आभूषण को चोरी कर लिया। पीड़ित परिवार विला को ताला लगाकर अपने पैतृक गांव गया था। जब वह लौटा तो चोरी का पता लगा। मुरथल थाना पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के गांव ईदरीशपुर के रहने वाले दिल्ली पुलिस में कार्यरत संजीव पंवार ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि वह मुरथल के पास पार्श्वनाथ सिटी के विला में रहता है। वह 15 मई को अपने बच्चों को लेकर अपने पैतृक गांव गया था। सोमवार को जब वह लौटा तो देखा कि विला के अंदर सामान बिखरा हुआ था। रसोई की खिड़की टूटी हुई थी। चोर खिड़की के रास्ते ही विला में घुसे और अंदर अलमारी का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। संजीव ने बताया कि चोर 23 हजार रुपये, सोने के चार कंगन, सोने की बालियां, दो सोने की अंगूठी ले गए। मुरथल थाना के जांच अधिकारी राजबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है।