राई। यमुना में खनन कंपनी लगातार नियमों को ताक पर रखकर काम कर रही है। अब फिर यमुना की धार मोड़कर खनन किए जाने का मामला सामने आया है। जिस पर सिंचाई विभाग के एसडीओ ने दो कंपनियों पर मुकदमा दर्ज कराया है। मिमारपुर व टिकोला गांव में खनन कंपनियों ने यमुना के बहाव से छेड़छाड़ की है। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिंचाई विभाग के एसडीओ राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि पिछले दिनों टिकोला स्थित डीएसपी एसोसिएट्स एजेंसी की ओर से यमुना के किनारे रेत खनन कर उसका ढेर लगा दिया है। इससे यमुना का पानी सीधे प्रवाह में नहीं बह रहा और पानी के प्राकृतिक बहाव में बाधा डाली गई है। वहीं दूसरी ओर मिमारपुर में आनंद एंड कंपनी की ओर से रेत खनन कर यमुना के किनारे पर पानी के बहाव के साथ ही रेत का ढेर लगा दिया है, जिससे यमुना के प्राकृतिक बहाव में बाधा उत्पन्न हो गई। ऐसे में दोनों खनन कंपनियों के खिलाफ थाना मुरथल पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
टिकोला और मिमारपुर में खनन कंपनी डीएसपी एसोसिएट्स एजेंसी व आनंद सिंह माइनिंग कंपनी के खिलाफ यमुना के बहाव से छेड़छाड़ की शिकायत मिली थी। जिसकी जांच के बाद सिंचाई विभाग के एसडीओ की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सुमित, थाना प्रभारी, मुरथल।