संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। गांव गोपालपुर के युवक को गोली मारने के मामले में खरखौदा पुलिस ने एक युवक को नामजद करते हुए दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
गोपालपुर निवासी मोहित को मंगलवार को बाइक सवार दो हमलावरों ने गोली मार दी थी। घटना के समय वह अपने ममेरे भाई रोहतक के गांव कंसाला निवासी जसबीर के साथ खरखौदा से खरीदारी कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। बाइक को जसबीर चला रहे थे और मोहित पीछे बैठे थे। इसी दौरान जब वह गोपालपुर चौक बाईपास पर पहुंचे तो बाइक पर उनका पीछा करते हुए हमलावरों ने गोलियां चलानी शुरू कर दी थी। जिसमें एक गोली मोहित की कमर में लगी थी। इसके बाद अपने बचाव में जसबीर बाइक लेकर भाग निकले थे। हमलावरों ने गांव के सरकारी स्कूल तक मोहित की बाइक का पीछा किया था। घायल मोहित का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जसबीर की शिकायत पर खरखौदा थाना पुलिस ने खरखौदा के सन्नी व उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।