सोनीपत। शहर की सड़कों पर अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हो रही है, लिहाजा नगर निगम ने प्रशासन और पुलिस के साथ संयुक्त रूप से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है।
चेतावनी नोटिस देने के बाद भी अतिक्रमण करने वाले दो व्यापारियों के विरुद्ध शनिवार को मुकदमा दर्ज किया गया। दस व्यापारियों को नोटिस दिया गया है।
यातायात पुलिस के मुख्य सिपाही सुरेंद्र की ओर से सेक्टर-27 में एक शिकायत दी गई कि बैजनाथ वैष्णो ढाबा नजदीक सिटी मॉल ने सड़क पर अपना सामान रखा हुआ है। उसे पहले भी चेतावनी देने के अलावा निगम की ओर से नोटिस दिया गया था मगर उसने अतिक्रमण जारी रखा।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, मुख्य सिपाही नरेश की ओर से भी थाना सेक्टर-27 में शिकायत दी गई कि संजय जूस कॉर्नर सेक्टर-14 मार्केट ने अपने जूस कॉर्नर का सामान सड़क पर रखा हुआ है। उसे पहले भी कई बार सामान हटाने की चेतावनी देने के अलावा नगर निगम ने नोटिस दिया था मगर उसने समान नहीं हटाया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके अलावा बैजनाथ, सतीश, पवन, हिमांशु, पंकज हैन्नी, मनोहर सिंह, मनोज, गौतम और शुभम के विरुद्ध नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती से अभियान चलाया जाएगा।
वर्जन
अतिक्रमण जाम का कारण बनता है। ऐसे में वाहन चालकों की परेशानी बढ़ती है। अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिक्रमण करने वालों पर मुकदमे भी दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। -रविंद्र सिंह, पुलिस प्रवक्ता, सोनीपत।