सोनीपत। फाइनेंस कंपनी से लोन पर ली गई कार की किस्त जमा नहीं कराने पर उसे पुलिस की मदद से जब्त कर लिया गया। रिकवरी एजेंट जब कार को लेकर जाने लगे तो रास्ते में युवक व उसके 30-40 साथियों ने रिकवरी एजेंट व एक अन्य पर हमला कर कार को वापस छीन लिया और धमकी देकर भाग गए। बहालगढ़ थाना पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव खेड़ी दमकन निवासी सुरेंद्र ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि वह एक फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट हैं। कंपनी से लोन लेकर एक कार खरीदी गई थी। इसकी किस्त जमा नहीं कराई जा रही थी। कार मालिक गांव घसौली की ललतेश पर फाइनेंस सर्विस की तरफ से 3.10 लाख रुपये बकाया है। कोर्ट ने सेक्शन-9 के तहत गाड़ी की रिकवरी के आदेश जारी कर दिए थे। 8 जनवरी को उन्हें सूचना मिली कि कार बहालगढ में एक ऑटो मोबाइल के पास खड़ी है। इसके बाद कंपनी से मैनेजर जगबीर, अन्य तथा वह थाना बहालगढ़ पुलिस की मदद से कार को रिकवर कर ले आए। कार को उठाने के बाद थाना बहालगढ़ में ले गए। वहां से आवश्यक कार्रवाई करने के बाद देर शाम 7.30 बजे वह जब्त की गई कार लेकर चल पड़े।
रात करीब आठ बजे जब वह कार लेकर यार्ड के लिए निकले तो कुमासपुर फ्लाईओवर के पास ललतेश के पति राजेश अपने साथ 5-10 कारों में 30-40 युवकों को लेकर आ गया। यह सभी लाठी-डंडे लेकर आए थे। एक कार को उनके आगे अड़ा कर उन्हें रोक लिया गया। बाद उन्हें नीचे उतारकर पिटाई शुरू कर दी। डंडों से बुरी तरह से पीटने के बाद वह जब्त की गई कार को छीनकर भाग गए। साथ ही धमकी दी कि तुमने और तेरे बैंक के किसी कर्मचारी ने हमारी कार को उठाया तो जान से मार देंगे। पुलिस ने लूट व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।