गन्नौर। गांव भांवर में कार सवार युवकों ने गांव सरढाना निवासी एक युवक को लाठी-डंडों से पीटा और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। घायल ने मामले की शिकायत गन्नौर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत पर चारों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव सरढाना निवासी दीपक ने शिकायत में बताया कि उनकी सगाई भांवर निवासी युवती से तय हुई थी। 29 मार्च की रात युवती ने उन्हें फोन पर बताया कि उसके पिता व भाई उसकी पिटाई कर रहे हैं। युवती ने उन्हें ले जाने के लिए गांव में बुलाया। आरोप है कि वह जब बाइक पर गांव भांवर पहुंचे तो एक काले रंग की एसेंट कार ने उनका रास्ता रोक लिया। कार से चार युवकों ने उतरकर उनकी लाठी-डंडों से पिटाई की। इनमें युवती का भाई रौनक, प्रशांत व दो अन्य युवक शामिल थे। वह पिटाई के बाद उन्हें गाड़ी में डालकर गांव के स्टेडियम ले गए, जहां उनके हाथ-पैर तोड़ दिए। इसके बाद युवकों ने उन्हें गोली मारने की धमकी भी दी और मोबाइल छीन लिया।