मुरथल (सोनीपत)। गांव नांगल खुर्द के पास स्थित टीडीआई एस्पानिया में चोरी की स्कॉर्पियो पर लाल बत्ती व फर्जी नंबर प्लेट लगा युवकों को ठगने आए आरोपी को मुरथल थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी देव नगर निवासी मनीष है। आरोपी युवकों को नौकरी दिलाने, चेयरमैन बनवाने व लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने आया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
मुरथल थाने के एसआई तेज प्रकाश ने पुलिस को बताया कि उन्हें सूचना मिली है कि टीडीआई एस्पनिया में मनीष नाम का युवक स्कॉर्पियो गाड़ी पर लाल बत्ती लगाकर खड़ा है। वह नौकरी लगवाने, अलग-अलग निगम में चेयरमैन बनवाने और बैंकों से लोन माफ करवाने के नाम पर रुपये ऐंठता है। इसके बाद पुलिस टीम ने छापा डालाकर मनीष को काबू कर लिया। उसकी गाड़ी पर लाल बत्ती लगी थी और शीशों पर काली फिल्म थी। पुलिस ने आरोपी से गाड़ी के कागजात मांगे तो वह कोई कागजात नहीं दे सका। पुलिस आरोपी व गाड़ी को लेकर थाने में पहुंची। गाड़ी के चेसिस नंबर की जांच की तो पता लगा कि गाड़ी लखनऊ से चोरी की गई है। उस पर लगी नंबर प्लेट फर्जी है।
पुलिस ने जब मनीष से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह रेस रिलेशंस बोर्ड ऑफ पावर में सचिव है। वह युवाओं को नौकरी लगवाता है, धांधली व सेटिंग से किसी निगम में चेयरमैन बनवाता और सेटिंग कर लोगों के लोन माफ करवाता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
गाड़ी से पहचान पत्र व रिज्यूम मिले
पुलिस ने गाड़ी के अंदर 15 पहचान पत्र मिले हैं, जिन पर सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्रालय सी-विंग, शास्त्री भवन, डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड नई दिल्ली लिखा मिला। एक सर्विस बुक पर साहिल ग्रुप-सी लिखा मिला है। कुछ रिज्यूम व कागजात मिले हैं। आरोपी ने बताया है कि उसने युवकों को नौकरी लगवाने के लिए कागजात लिए हैं। एक व्यक्ति को सेटिंग से चेयरमैन बनवाने को लेकर कागजात लिए हैं।
वर्जन
-आरोपी को लाल बत्ती लगी गाड़ी सहित गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वह नौकरी लगवाने, चेयरमैन बनवाने और लोन माफ कराने के नाम पर रुपये लेता है। उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। -इंस्पेक्टर राजीव कुमार, थाना प्रभारी मुरथल।