गन्नौर (सोनीपत)। जीटी रोड पर मॉडर्न कान्वेंट स्कूल के पास इंटरसेप्टर मशीन लगाकर तेज गति से आ रहे वाहनों के चालान कर रही पुलिस टीम ने एक कार चालक को रोकने का प्रयास तो उसने हवलदार को टक्कर मार दी, जिससे हवलदार गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक 118 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से कार चलाकर जा रहा था। टक्कर मारने से घायल हुए हवलदार को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया गया।
रविवार सुबह करीब सवा दस बजे पुलिस टीम जीटी रोड पर माडर्न कान्वेंट स्कूल के पास इंटरसेप्टी मशीन लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। एएसआई अनिल ने बताया कि इसी दौरान एक कार चालक दिल्ली की तरफ से तेज गति में कार चलाते हुए आया। इंटरसेप्टर मशीन में उसकी कार की गति 118 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई, जिस पर कुछ आगे खड़ी पुलिस टीम ने उस कार का चालान काटने के लिए रोकने का प्रयास किया। इस पर चालक ने कार को रोकने के बजाय सीधा पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया। इस दौरान अन्य कर्मी एक तरफ कूद गए, लेकिन हवलवार भूपेंद्र को चालक ने सीधी टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी कर्मियों ने उन्हें इलाज के लिए मुरथल स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अनिल के बयान पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कार चालक की पहचान दिल्ली के रोहिणी निवासी गौरव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया गया।
वर्जन
वाहनों की चेकिंग कर रहे हवलदार को कार चालक ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया गया।
बदन सिंह, थाना प्रभारी गन्नौर।